बूंदी में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दबलाना पुलिस ने 12 साल से फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हरिराम पुत्र रामधन मीणा निवासी खोडी, थाना दबलाना के रूप में हुई है। आरोपी विशिष्ट न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रमांक 07, जिला कोटा के केस नंबर 7592/2014 में वांछित था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत और वृत्ताधिकारी हिण्डोली अजीत मेघवंशी के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रिया व्यास के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम ने सघन तलाशी के बाद आरोपी हरिराम मीणा को पकड़ने में सफलता हासिल की। कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी प्रिया व्यास, एएसआई राजेन्द्र सिंह, हेड कॉन्स्टेबल जितेन्द्र सिंह, कॉन्स्टेबल बंशीधर और कॉन्स्टेबल मोहन शामिल थे। गिरफ्तारी के बाद आरोपी हरिराम मीणा को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि जिले में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
