सीकर की कोतवाली थाना पुलिस ने प्लॉट दिलवाने के नाम पर 18.47 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में आरोपी शाहिद को गिरफ्तार किया है। शाहिद ने इस बार सीकर नगर परिषद में वार्ड नंबर 64 से निर्दलीय चुनाव भी लड़ा। चुनाव में शाहिद को 103 वोट मिले थे। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। कोतवाली थाना SHO सुनील कुमार जांगिड़ ने बताया कि इस संबंध में मोहम्मद तौफीक ने मुकदमा दर्ज करवाया था कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। तौफीक की विदेश भेजने वाले मोहम्मद शरीफ से जानकारी थी। मोहम्मद तौफीक ने शरीफ को प्लॉट दिलवाने के लिए कहा था। ऐसे में शरीफ ने मोहम्मद तौफीक को कहा कि उसका परिचित शाहिद है। शाहिद ने मोहम्मद तौफीक को प्लॉट दिखाया और कहा कि यह प्लॉट उसी के नाम है । 219 वर्ग प्लॉट के 35.47 लाख रुपए बताए। शाहिद ने इसमें से 18.47 लाख रुपए लेकर स्टांप के पीछे लिखकर साइन कर दिए। जब भी मोहम्मद तौफीक ने शाहिद को रजिस्ट्री करवाने के लिए कहा तो वह बहाने करता रहा। जब मोहम्मद तौफीक ने अपने स्तर पर मालूम किया तो पता चला कि प्लॉट शाहिद के नाम पर नहीं है। आखिर में शाहिद ने प्लॉट देने के लिए मना कर दिया और रुपए भी नहीं लौटाए। पैसे मांगने पर धमकियां देने लगा। इस रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके हैड कॉन्स्टेबल कल्याण सिंह ने इन्वेस्टिगेशन किया। जिसके बाद आज मामले में आरोपी शाहिद कुरैशी (35) निवासी फतेहपुर रोड के पास को उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी शाहिद कुरैशी ने इस बार सीकर के वार्ड नंबर 64 में सिलाई मशीन के सिंबल पर निर्दलीय चुनाव भी लड़ा। लेकिन इस चुनाव में उसे केवल 103 वोट मिले और वह चुनाव हार गया था। पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी ने ठगी की राशि चुनाव में भी इस्तेमाल की होगी।

You missed