दौसा में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कुंडल क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर अतिक्रमण का मुद्दा उठा। शिकायतकर्ता एडवोकेट राधाकिशन मीणा ने अतिक्रमण के चलते संकरे रास्ते के कारण जाम की समस्या पर कार्रवाई की मांग की। इस पर कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने संबंधित विभागों की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर निरीक्षण कर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लंबित मामलों की जांच कर जल्द निस्तारण करने तथा अतिक्रमण से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत दी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई लोगों को त्वरित राहत दिलाने का सशक्त माध्यम है और राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकारियों को संवेदनशीलता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए। सभी SDM को दिए निर्देश उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस जाब्ते की अनुपलब्धता की वजह से पत्थरगढ़ी के लंबित प्रकरणों की सूचना तत्काल जिला कार्यालय को भेजें, ताकि एसपी से समन्वय कर जाब्ते की उपलब्धता सुनिश्चित कर कार्यवाही पूर्ण की जा सके। साथ ही यह भी कहा कि जिन मामलों का समाधान उपखंड स्तर पर संभव है, उनका अनावश्यक रूप से जिला स्तर तक पहुंचना उचित नहीं है। उनका उपखंड स्तर पर ही निस्तारण होना चाहिए। इस अवसर पर एडीएम दौसा अरविंद शर्मा, एडीएम लालसोट मनमोहन मीणा, यूआईटी सचिव मूलचंद लूनिया सहित जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही उपखंड अधिकारी, पंचायत समिति विकास अधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

You missed