दवा के ओवरडोज के कारण आए हार्ट अटैक से शनिवार को ओसियां (जोधपुर) के सेना के जवान जयप्रकाश (30) की मौत हो गई। जयप्रकाश छुटि्टयां बिताकर ड्यूटी पर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। उनका बेस हॉस्पिटल, दिल्ली कैंट के ICU में इलाज चल रहा था। रविवार दोपहर जवान के पैतृक गांव भादूण की ढाणी, समराऊ में सैन्य सम्मान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई के दौरान उन्हें श्रद्धांजलि देने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जयप्रकाश पुत्र रणुराम अरुणाचल प्रदेश में 230 मेड रेजिमेंट में गनर के पद पर तैनात थे। सेना की रिपोर्ट के मुताबिक, मौत की वजह मेडिसिन ओवरडोज के कारण रिफ्रैक्टरी वेसोडाइलेटर शॉक और कार्डियक अरेस्ट है। देखिए, अंतिम विदाई की PHOTOS… 21 मई को 10 दिन की छुट्टियों पर आए थे जवान जानकारी के अनुसार, जयप्रकाश एक साल बाद छुटि्टयों पर घर आए थे। वे 21 से 31 मई तक छुट्टियों पर थे। 1 जून को उन्हें यूनिट में रिपोर्ट करना था, लेकिन वे रिपोर्ट नहीं कर पाए। 1 जून को जब सूबेदार रूपेश कुमार झा ने जयप्रकाश से कॉन्टैक्ट किया तो उन्होंने बताया था कि मैं दिल्ली में हूं। मेरी कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई है। 2 जून को शाम 5:30 बजे की फ्लाइट से आऊंगा। इसके बाद 2 जून को दोबारा सेना के अधिकारियों ने जयप्रकाश से बात की तो उन्होंने बताया था कि शाम की फ्लाइट से रवाना हो जाऊंगा। 3 जून को उन्होंने कॉल उठाना बंद कर दिया। इस बीच 3 जून की रात को करीब 9:40 बजे दिल्ली के आसिफ अली हॉस्पिटल के मेडिकल ऑफिसर ने सूचना दी कि जयप्रकाश को उत्तर प्रदेश के सिविल लाइंस, उटारी में एडमिट करवाया गया है। रात में आया था कार्डियक अरेस्ट 4 जून की रात 12:15 बजे जयप्रकाश को दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) हॉस्पिटल में रेफर किया गया। इसके बाद 4 जून को ही उन्हें दिल्ली कैंट स्थित बेस अस्पताल लाया गया। यहां उन्हें आईसीयू में एडमिट कराया गया। वे अचेत अवस्था में थे। 5 जून को उन्हें होश आ गया था और वे बातचीत कर रहे थे। 6 जून को रात करीब 1 बजे उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। इस दौरान डॉक्टर्स ने सीपीआर देकर उनकी जान बचाने की कोशिश की। रात करीब 2:15 बजे डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रविवार को दोपहर करीब 12:30 बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव भादूण की ढाणी, समराऊ लाया गया। दो भाई आर्मी में हैं जयप्रकाश के दो बड़े भाई हैं। दोनों ही आर्मी में हैं। परिवार में पत्नी सरिता, बेटी वंशिका (5) और बेटा शिवम (4) है।

You missed