हनुमानगढ़ के भादरा थाना क्षेत्र के गांव रामगढ़िया में एक किसान के मकान से नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि परिवार के सदस्य पास के कमरे में सो रहे थे, लेकिन उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। पीड़ित की शिकायत पर भादरा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में गांव रामगढ़िया निवासी रामसिंह ने बताया कि उन्होंने सरसों की फसल बेचकर मिले 2.50 लाख रुपये घर में रखी एक संदूक में रखे थे। इसी संदूक में उनकी पत्नी के सोने और चांदी के जेवरात भी थे। इन जेवरातों में सोने की बालियां, कानों के झुमके, नोजपीन, लॉकेट के साथ तीन जोड़ी चांदी की पायजेब और बच्चों के चांदी के कड़े शामिल थे। रिपोर्ट के अनुसार, 5 जून की रात रामसिंह अपने दोनों बच्चों के साथ घर के मुख्य बैठक वाले कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे की दीवार फांदकर घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में रखी संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे 2.50 लाख रुपये नकद और सभी सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सुबह जब परिवार के सदस्य जागे और कमरे में पहुंचे, तो उन्होंने सामान और कपड़े बिखरे हुए पाए। संदूक से नकदी और जेवरात गायब थे। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और कार्रवाई की मांग की। भादरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल नरेश कुमार को सौंपी गई है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की तलाश कर रही है।
