झालावाड़ शहर में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए और शाम करीब साढ़े पांच बजे तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक हुई वर्षा से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के बाद पूरे शहर का मौसम सुहावना हो गया और तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से घटकर 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सड़कों पर बहा पानी, बिजली आपूर्ति भी प्रभावित तेज बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी बह निकला। वर्षा शुरू होते ही कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। अचानक बदले मौसम के कारण बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। हालांकि बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के कारण मौसम का आनंद लेते भी देखा गया।

खानपुर क्षेत्र में भी हुई अच्छी बारिश जिला मुख्यालय के साथ-साथ खानपुर क्षेत्र में भी तेज बारिश दर्ज की गई। वहां भी सड़कों पर पानी बहने लगा। इससे पहले शनिवार शाम को भी जिले में मौसम बदला था और धूलभरी आंधी चली थी, लेकिन उस दिन बारिश नहीं हुई थी। तेज आंधी के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। किसानों के लिए राहत लेकर आई बारिश किसानों ने इस बारिश को खरीफ सीजन की तैयारियों के लिए लाभदायक बताया है। उनका कहना है कि समय पर हुई वर्षा से खेतों में नमी बढ़ेगी, जिससे आगामी बुवाई कार्यों में मदद मिलेगी। बारिश के चलते किसानों में भी खुशी का माहौल देखा गया। मौसम विभाग का येलो अलर्ट रहा सही साबित मौसम विभाग ने रविवार के लिए जिले में येलो अलर्ट जारी किया था। अलर्ट के अनुरूप जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है, जिससे मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है।