जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन अगले महीने हो सकता है। एयरपोर्ट डायरेक्टर डॉ. मनोज उनियाल के अनुसार- नए टर्मिनल का काम लगभग पूरा हो चुका है। केंद्र सरकार में पीएम नरेंद्र मोदी को 12 साल कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में सोमवार को एयरपोर्ट पर यात्री सेवा दिवस मनाया जाएगा। इसमें कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही यात्रियों से एयरपोर्ट की सुविधाओं को लेकर फीडबैक लेकर सुधार किया जाएगा। जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से एयरपोर्ट डायरेक्टर डॉ. मनोज उनियाल ने बताया- एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया सभी एयरपोर्ट पर यात्री सुविधा दिवस मना रहा है। उन्होंने नए टर्मिनल के बारे में कहा- टर्मिनल लगभग पूरा बन चुका है, लेकिन हमारे कुछ सिक्योरिटी के क्लियरेंस चल रहे हैं। एयरपोर्ट में सिक्योरिटी, सेफ्टी सबसे मुख्य होते हैं और उसे पूरा करना होता है। ये क्लियरेंस चल रहे हैं। अगले हफ्ते या एक दो हफ्ते में ये सारी क्लियरेंस पूरे हो जाएंगे। इसके अलावा बहुत सारे सिस्टम जो एयरपोर्ट में लग रहे हैं, वे भी इंस्टॉल हो रहे हैं। ये सारे सिस्टम पूरे होने पर गई जैसे ही हमें सिक्योरिटी और सेफ्टी क्लियरेंस मिल जाएगा, एयरपोर्ट का उद्घाटन करवाया जाएगा। 12 साल में पैसेंजर डबल हुए जोधपुर एयरपोर्ट पर पैसेंजर और फ्लाइट्स के बारे में बताते हुए डॉ. मनोज उनियाल ने कहा- पिछले 12 साल में एयरपोर्ट पर पैसेंजर की संख्या दोगुनी हो गई है। साल 2014 के आसपास 6 से 8 फ्लाइटें चलती थीं, अब समर सीजन में 14 से 16 फ्लाइटें चलती हैं। विंटर में 25 से 30 फ्लाइटें ऑपरेट होती हैं। पैसेंजर में भी हम 1 मिलियन का जो आंकड़ा है, वो दो साल पहले पार कर चुके हैं। इसके अलावा एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल बना है, उसकी कैपेसिटी लगभग 7 गुना होगी और उसमें उसके अलावा बहुत सारी नई सुविधाएं हैं। इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन डॉ. मनोज उनियाल ने बताया कि यात्री सुविधा दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें से फ्री प्लांटेशन ड्राइव ‘एक पेड़ मां के नाम’ कैंपेन आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सामूहिक वंदे मातरम गायन किया जाएगा। एयरपोर्ट परिसर में एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ जो लोग काम करते हैं, एयरलाइंस, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंट्स, जितने भी बाकी स्टेकहोल्डर्स हैं। सब के साथ केक कटिंग का प्रोग्राम किया जाएगा। साथ ही एयरपोर्ट पर सोमवार को आने वाले पैसेंजर को टीका लगाकर वेलकम किया जाएगा। वेलकम किट डिस्ट्रिब्यूट किया जाएगा। इसके अलावा ब्लड डोनेशन कैंप, हेल्थ चेकअप कैंप भी लगाया जाएगा। बच्चों का पेंटिंग कॉम्पिटशन होगा। साथ ही पैसेंजर से जोधपुर एयरपोर्ट को लेकर फीडबैक लिया जाएगा।
