जोधपुर ग्रामीण में पति ने हथौड़े से सिर पर वार कर पत्नी की हत्या कर दी। आरोप है कि रक्षाबंधन से एक दिन पहले आरोपी ने पत्नी को जान से मारने की धमकी दी थी। घटना 29 अगस्त की रात करवड़ थाना क्षेत्र के उजलिया गांव की है। मृतका के भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज हुआ। थानाधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि उजलिया की रहने वाली गुड्डी की 29 अगस्त की रात हत्या हुई थी। मृतका के भाई महेंद्र भील की रिपोर्ट पर 30 अगस्त को हत्या का मामला दर्ज किया गया। आरोपी पति दिनेश को पकड़ लिया गया है। कापरड़ा हिंगाणिया गांव निवासी महेंद्र ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन गुड्डी की करीब 15 साल पहले दिनेश भील, निवासी उजलिया के साथ शादी हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही बहन को उसके ससुराल वाले दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। आए दिन मारपीट और झगड़ा करते थे। युवक ने बताया कि इससे पहले भी जीजा दिनेश बहन के पीछे तलवार लेकर मारने दौड़ा था। तब आस-पास के लोगों ने बीच-बचाव कर बचाया था। थाने में इस घटना की रिपोर्ट भी दी गई थी। उस समय सामाजिक समझाइश के बाद जीजा ने भविष्य में ऐसी गलती न करने की बात कहते हुए माफी मांगी थी। रक्षाबंधन से एक दिन पहले 27 अगस्त को गुड्डी ने अपनी मां को फोन कर कहा था कि वह अगले दिन राखी लेकर मायके आएगी। आरोप है कि उस दौरान पास खड़े जीजा ने कथित रूप से कहा कि कल जिंदा रहेगी तो राखी ले जाएगी। रक्षाबंधन के अगले दिन 29 अगस्त की रात करीब 11.35 बजे दिनेश के भाई गणपत का फोन आया। उसने बताया कि दिनेश और गुड्डी के बीच झगड़ा हुआ है। दिनेश ने सो रही गुड्डी पर हथौड़े से वार कर दिया है। उसने यह भी कहा कि गुड्डी जिंदा है या नहीं, उसे पता नहीं है और परिजनों को तत्काल गांव आने के लिए कहा। अगले दिन सुबह परिजन गांव पहुंचे तो उन्हें पता चला कि गुड्डी की मौत हो गई। मृतका के 4 लड़कियां और एक लड़का है। … यह खबर भी पढ़ें… सरकारी नर्सरी में लहूलुहान मिली लाश:गले और हाथों की नसें काटी, बिना बताए घर से निकला था; सुसाइड की आशंका जयपुर की सरकारी नर्सरी में सोमवार सुबह एक व्यक्ति की लाश पड़ी मिली। लहूलुहान हालत में मिली लाश के दोनों हाथ की नसें कटी मिलने के साथ गले पर कट लगा मिला। शव के पास ही नसे काटने में यूज किया चाकू भी पड़ा मिला है। (पूरी खबर पढ़ें)