जोधपुर में रविवार दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। मूसलाधार बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, भारी बारिश के कारण मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल के सामने की सड़क, लूणी कस्बे की गलियों और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड इलाके के पार्कों में भारी जलभराव हो गया। बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय हुई बारिश से खरीफ की फसलों को बहुत फायदा पहुंचेगा और फसलों को नया जीवनदान मिलेगा। जोधपुर में इस सीजन में अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। पिछले कुछ दिनों से जिले में बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। इससे पहले शनिवार को दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन इसके बावजूद शहर में उमस और गर्मी का असर बना रहा, जिससे रविवार को हुई बारिश ने राहत दिलाई। जोधपुर के मौसम से जुड़ी 3 PHOTOS… फोटो- 1
मथुरादास माथुर अस्पताल के सामने भरा पानी फोटो- 2
लूणी कस्बे में झमाझम बारिश के बाद गलियों में भरा पानी फोटो- 3 पार्क में पानी भरा । जोधपुर के मौसम से जुड़े 3 बड़े अपडेट्स 1. उमस और बढ़ते पारे ने किया परेशान जोधपुर में शनिवार को सुबह से ही तेज धूप खिली रही, जिससे दिनभर लोग उमस और भीषण गर्मी से परेशान नजर आए। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक यानी 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.0 डिग्री अधिक रहते हुए 29.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। 2. मानसून कोटे में अब तक 6.2% की कमी जोधपुर जिले में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 6.2 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार, 1 अगस्त तक जोधपुर में आमतौर पर 151.5 एमएम बारिश होती है, लेकिन इस बार केवल 145.3 एमएम बारिश ही रिकॉर्ड की गई है। हालांकि, मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगले सप्ताह होने वाली बारिश से यह कमी पूरी हो जाएगी और बारिश का आंकड़ा सामान्य के पार पहुंच सकता है। 3. 4 अगस्त तक बारिश की संभावना मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में जोधपुर और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। विभाग के अनुसार, 4 अगस्त तक दिन में एक से दो बार बारिश का दौर चलने की उम्मीद है, जिससे लोगों को उमस और तपती गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।
