जयपुर सेंट्रल जेल में बंद बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव के पास मोबाइल मिला है। पूर्व विधायक ने मोबाइल को जमीन पर बिछाए कंबल के अंदर छुपा रखा था। जेल प्रशासन ने बुधवार को जेल में सघन तलाशी ली थी। जांच में बलजीत यादव के पास फोन मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। इसको लेकर जेल प्रशासन ने लालकोठी थाने में मामला दर्ज करवाया है। सेंट्रल जेल में गुरुवार को भी सर्च ऑपरेशन में 8 बंदियों के पास मोबाइल मिले। पूर्व विधायक से पूछताछ करेगी पुलिस SI श्याम सुंदर ने बताया- जेल प्रशासन की ओर से जयपुर सेंट्रल जेल में लगातार तलाशी ली जा रही है। बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे जेल के वार्ड नंबर-5 में सर्च किया गया। तलाशी के दौरान वार्ड में बंद विचाराधीन बंदी बलजीत यादव के पास कैचोडा कंपनी का मोबाइल मिला। SI ने बताया- बलजीत यादव ने जमीन पर बिछाए कंबल के अंदर मोबाइल छुपा रखा था। वह जेल में बंद रहने के दौरान भी मोबाइल इस्तेमाल कर रहा था। इस मामले में जेल प्रहरी विष्णु (27) ने लालकोठी थाने में रिपोर्ट दी है। जब्त मोबाइल भी सौंपा गया है। अब पुलिस टीम जेल में बंद पूर्व विधायक बलजीत से मोबाइल पहुंचाने वाले के बारे में पूछताछ की जाएगी। साथ ही जेल में बंद रहने के दौरान बाहर के किस-किस व्यक्ति से कॉन्टैक्ट किया, उसकी जानकारी के लिए सीडीआर निकलवाई जाएगी। बता दें कि जयपुर सेंट्रल जेल में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है। जेल प्रशासन ने 2 दिन पहले भी 13 मोबाइल जब्त किए थे और आरोपी बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। MLA फंड के दुरुपयोग मामले में जेल में बंद है बलजीत यादव पूर्व विधायक बलजीत यादव स्थानीय क्षेत्र विकास फंड (MLA Fund) से 3 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के दुरुपयोग और गबन का आरोप में जेल में बंद है। आरोप है कि बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के 32 सरकारी स्कूलों के लिए बैडमिंटन और क्रिकेट किट खरीदे गए थे। ये खेल सामग्री ढाई-तीन गुना ज्यादा कीमत पर खरीद कर सरकार को नुकसान पहुंचाया और विधायक कोष से सामान की आपूर्ति में 3.72 करोड़ रुपए का घोटाला किया। इसके साथ ही टेंडर देने वाली फर्मों ने फेक डॉक्यूमेंट का यूज किया। इस केस में बालाजी कम्पलीट सोल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड, सूर्या एंटरप्राइजेज, राजपूत स्पोर्ट्स एंटरप्राइजेज, शर्मा स्पोर्ट्स एंटरप्राइजेज के संचालक और शिक्षा विभाग के कुछ कर्मचारी भी आरोपी बनाए गए थे। एसीबी ने 12 दिसंबर 2024 को बलजीत यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया था। इसके बाद ईडी ने उनके खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज करके मामले की जांच शुरू की थी और 3 फरवरी 2026 को बलजीत यादव को गिरफ्तार किया था। ईडी ने रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 7 फरवरी को पूर्व विधायक को जयपुर की विशेष अदालत में पेश किया था, जहां से उनको जेल भेज दिया गया था।