मंगलवार देर रात जीरकपुर पुलिस ने नकली शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान भारी मात्रा में शराब से भरा एक कैंटर पकड़ा। कैंटर से कुल 275 पेटियां शराब बरामद की गईं। बरामद शराब में 1200 बोतलें, 360 क्वार्टर और 7440 मिनी बोतलें शामिल थीं। ये सभी 275 पेटियों में भरी हुई थीं। पुलिस को यह बरामदगी देखकर आश्चर्य हुआ। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ में बिकने वाली शराब को अवैध तरीके से एक कैंटर में लादकर जीरकपुर के रास्ते अंबाला की ओर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही जीरकपुर पुलिस ने तुरंत अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर नाकाबंदी कर दी।
आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कैंटर को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। कार्रवाई के दौरान कैंटर का ड्राइवर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया। सब इंस्पेक्टर जीवन सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने की तैयारी पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर इस पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब से भरा कैंटर हरियाणा की ओर जा रहा था और आशंका है कि वहां से इसे अन्य राज्यों में भी सप्लाई किया जाना था। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।