पंजाब के डीजीपी के आदेशों पर असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के अभियान के तहत, आईजी गौतम चीमा ने बुधवार को अबोहर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने फाजिल्का जिले और अबोहर के पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए और विभिन्न पुलिस नाकों व चेक पोस्टों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिले के एसपी गुरमीत सिंह भी मौजूद थे। अपने दौरे के दौरान, आईजी गौतम चीमा ने अबोहर के फाजिल्का रोड पर पुड्डा कॉलोनी के पास बन रहे चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस चेक पोस्ट के बनने से पुलिस बल हर समय यहां तैनात रहेगा, जिससे वाहनों और आने-जाने वालों की जांच की जा सकेगी। इससे आपराधिक तत्वों को नियंत्रित करने में आसानी होगी। असमाजिक तत्वों पर रोजाना हो रही कार्रवाई : आईजी इसके अतिरिक्त, आईजी ने गांव बहाववाला और गुमजाल बैरियर पर लगे स्थायी नाकों की भी जांच की। उन्होंने एसएसपी, डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों को इन सभी पुलिस नाकों पर गुजरने वाले वाहनों की गहनता से जांच करने का निर्देश दिया, क्योंकि ये नाके राजस्थान सीमा से जुड़ते हैं। एसएसपी ने आईजी को आश्वासन दिया कि पुलिस प्रशासन लगातार आपराधिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा प्रतिदिन असामाजिक तत्वों को नाकों पर काबू कर उनके खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं। यहां देखें फोटो…