गुरदासपुर में सुनार के घर 7 करोड़ रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने निहंग सिंह का भेष बदलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके पास से 1 किलो सोने के गहने और 32 लाख रुपए नकद सहित कुल 1 करोड़ 85 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। बता दे कि यह घटना 5 मार्च को गुरदासपुर में सुनार वरुण महाजन के घर पर हुई थी। निहंग सिंह के वेश में आए 5 व्यक्तियों ने घर में सभी सदस्यों को बांध दिया और 7 करोड़ की लूट को अंजाम दिया। जाते समय वे सुनार की गाड़ी भी अपने साथ ले गए थे। लूट के 4 आरोपी गिरफ्तार गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटे गए 1 किलो सोने के गहने, 32 लाख रुपये नकद और एक हैरियर गाड़ी बरामद की गई है। बरामद सामान की कुल कीमत 1 करोड़ 85 लाख रुपये है।
कोर्ट से रिमांड पर लेगी पुलिस एसएसपी आदित्य ने स्पष्ट किया कि पकड़े गए आरोपी असल में निहंग सिंह नहीं हैं। उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए निहंग सिंह का भेष धारण किया था। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी बटाला के रहने वाले हैं। इनकी पहचान राजबीर सिंह उर्फ राजा, बलविंदर सिंह उर्फ बूटा, सिमरनजीत सिंह सीमा और कुलबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस इन आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी और आगे की पूछताछ करेगी। इस मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
