उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक एडीआरएम करनी राम ने सोमवार को लूनी-भीलड़ी रेलखंड स्थित जालोर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की रिपोर्ट ली। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम ने प्लेटफॉर्म अपग्रेडेशन, स्टेशन भवन के आधुनिकीकरण-सौंदर्यीकरण, वेटिंग हॉल, पानी, शौचालयों की स्वच्छता, लाइटिंग, पार्किंग स्थल और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई देखी। साथ ही उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का भी अवलोकन किया। एडीआरएम ने कहा- अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का समग्र विकास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि भविष्य में यात्री भार को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुविधाओं के विस्तार की भी योजना बनाई जा रही है। इस दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पश्चिम) तरुण बिका,मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी,सहायक मंडल इंजीनियर पूराराम सहित विभिन्न विभागों के सुपरवाइजर एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
