जयपुर में दिन-दहाड़े चाकू की नोंक पर एक महिला से लूट का मामला सामने आया है। पैदल पीछा करते आए बदमाश ने सरेराह महिला को पकड़ा। गले पर झपट्टा मारकर बदमाश सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया। मानसरोवर थाना पुलिस घटनास्थल पर लगे CCTV फुटेज में कैद हुए लुटेरे की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया- मानसरोवर के किरण पथ निवासी भावना (57) के साथ लूट की वारदात हुई। शनिवार सुबह करीब 7:13 बजे वह कॉलोनी में स्थित मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी। किरण पथ से बाहर निकलते ही गाय को रोटी डालकर मंदिर जाने लगी। इसी दौरान पैदल पीछा करते हुए आए बदमाश ने बैंक ऑफ इंडिया वाली गली से जाते समय उसे पकड़ लिया। गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। पहले देखिए वारदात के PHOTOS… बदमाश को पकड़ने के दौरान बचने के लिए उसने जेब से चाकू निकाल लिया। चाकू की नोंक पर गले से सोने की चेन तोड़कर भाग निकला। पीछा करते हुए शोर मचाने पर बदमाश तेजी से गलियों में होते हुए फरार हो गया। चेन स्नेचिंग की सूचना पर मानसरोवर थाना पुलिस वारदातस्थल पर पहुंची। पुलिस ने वहां लगे CCTV फुटेजों को खंगाला। फुटेज में लुटेरे की पूरी करतूत कैद मिली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर FIR दर्ज कर फुटेज के आधार पर लुटेरे की तलाश शुरू कर दी है।
