नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बीकानेर से है। यहां हनुमानगढ़ के निर्दलीय विधायक गणेशराज बंसल को CID-CB ने गिरफ्तार किया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल गिरफ्तार
हनुमानगढ़ में नगर परिषद सभापति चुनाव के बीच CID-CB ने हनुमानगढ़ के निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल को गिरफ्तार किया है। विधायक की गिरफ्तारी को लेकर अफसरों ने कोई जानकारी नहीं दी है। विधायक के खिलाफ 23 साल पुराना एक मामला दर्ज है, जिसमें फर्जी पट्टे देने का आरोप है। पूरी खबर पढ़ें 2. भारत-जापान के वायुसेना प्रमुखों ने तेजस में उड़ान भरी
जोधपुर के एयरफोर्स स्टेशन से रविवार को भारत और जापान के वायुसेना प्रमुखों ने स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस में उड़ान भरी। ऐतिहासिक उड़ान के बाद भारतीय वायुसेना प्रमुख ने कहा- पहली बार जापानी लड़ाकू विमानों का भारतीय जमीन से काम करना दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी में एक बड़ी उपलब्धि है। पूरी खबर पढ़ें 3. कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोलीं- पार्षदों को उठाने आए बीजेपी कार्यकर्ता
सीकर जिले के नेछवा थाना क्षेत्र में लोसल नगर पालिका के कांग्रेस पार्षद बाड़ाबंदी में हैं। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता गठाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षदों को उठाने के लिए रविवार सुबह 30-40 गाड़ियों में बीजेपी के करीब 150-200 लोग आए। पुलिस के पहुंचने पर वे लोग चले गए। पूरी खबर पढ़ें 4. थ्रेसर से कटी युवती, 2 महीने बाद होनी थी शादी
अलवर के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में बाजरा निकलवाते समय थ्रेसर से कटने के कारण युवती की मौत हो गई। हवा से बार-बार उड़ रहे तिरपाल को ठीक करते समय वह थ्रेसर की बेल्ट में फंस गई और उसके दोनों हाथ शरीर से अलग हो गए। 2 महीने बाद उसकी शादी थी। पूरी खबर पढ़ें 5. फर्नीचर कारोबारी ने पत्नी-बेटी के साथ जहर पीया
अजमेर में कर्ज से परेशान फर्नीचर व्यवसायी अशोक शर्मा ने पत्नी और बेटी के साथ जहर पीकर सुसाइड कर लिया। घटना के समय बेटा गौरव दूसरे कमरे में सो रहा था, जबकि उसकी पत्नी पीहर गई हुई थी। जहर पीने से पहले व्यवसायी ने भांजे को फोन कर कहा था- अलविदा। अब बात नहीं होगी। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. SI भर्ती परीक्षा: शर्ट उतरवाई तो बनियान में पहुंचा अभ्यर्थी
पेपर लीक के कारण रद्द हुई 2021- SI भर्ती परीक्षा रविवार को अजमेर सहित प्रदेश के 11 जिलों में फिर से हुई। जयपुर के एक सेंटर पर शर्ट पर मेटल बटन के कारण युवक को एंट्री नहीं मिली तो वह बनियान में परीक्षा देने पहुंच गया। एक कैंडिडेट की टी-शर्ट के मेटल वाले हिस्से पर टेप चिपकाने के बाद प्रवेश दिया गया। पूरी खबर पढ़ें 7. ईयरफोन से आवाज सुनाई नहीं दी, ट्रेन से कटा युवक
झुंझुनूं में गुढ़ा फाटक के पास रविवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन से कटने से युवक की मौत हो गई। युवक काम पर जाने के लिए घर से निकला था। उसने ईयरफोन लगा रखे थे। लोको पायलट ने हॉर्न बजाया, लेकिन उसने आवाज नहीं सुनी। पूरी खबर पढ़ें 8. प्रेग्नेंट महिला की मौत पर प्राइवेट हॉस्पिटल में हंगामा
जयपुर में प्रेग्नेंट महिला की मौत के बाद सिरसी रोड पर मेट्रोपॉलिटन हॉस्पिटल के बाहर रविवार सुबह परिजनों ने हंगामा किया। महिला को पेट दर्द की शिकायत पर हॉस्पिटल में भर्ती करवाया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान लापरवाही के कारण मौत हुई है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. सांवलियाजी को चढ़ाया 1.2 किलो चांदी का सीमेंट प्लांट मॉडल
चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ मंदिर में एक व्यापारी ने 1 किलो 200 ग्राम चांदी से बना जेके सीमेंट प्लांट का मॉडल चढ़ाया। व्यापारी ने कारोबार में सफलता पर यह मॉडल भेंट किया। कारोबारी परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों के सा​थ 40 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. 273 निकायों में मेयर-चेयरमैन के चुनाव के लिए वोटिंग
राजस्थान के पांच नगर निगम सहित 273 निकायों में 21 सितंबर को मेयर, चेयरमैन और अध्यक्ष के लिए वोटिंग होगी। 2 निगम सहित 32 निकायों में मेयर-चेयरमैन का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है, जबकि 3 निगम और 1 नगर पालिका के लिए 25 सितंबर को वोटिंग होगी।