जयपुर की खोह नागोरियान थाना पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों से हो रही अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मंगलवार को मौके से 45 गैस सिलेंडर और गैस ट्रांसफर में काम आने वाले उपकरण जब्त किए हैं। वहीं, 9 जून को करीम नगर-बी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड और अवैध विस्फोटक भंडारण से जुड़े मामलों में दो आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया है। घरेलू गैस सिलेंडरों से की जा रही थी अवैध गैस रिफलिंग थाना प्रभारी प्रकाश राम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खोह नागोरियान क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से छोटे और व्यावसायिक सिलेंडरों में गैस भरी जा रही है। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें 31 घरेलू, 9 व्यावसायिक और 5 अप्रमाणित छोटे गैस सिलेंडर सहित कुल 45 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा एक रेगुलेटर, रबर पाइप, गैस ट्रांसफर के लिए इस्तेमाल होने वाला जुगाड़ और चार बांसुरियां भी जब्त की गईं। मौके पर रसद विभाग को बुलाकर आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया। हालांकि, पुलिस दबिश की सूचना पर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग से 8 की मौत के मामले में मुख्य आरोपी अरेस्ट वहीं पुलिस ने 9 जून को करीम नगर-बी स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 8 लोगों की मौत के मामले में मुख्य आरोपी फिरोज (33) निवासी गाजियाबाद को केंद्रीय कारागृह जयपुर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, फिरोज अवैध पटाखा फैक्ट्री के संचालन से जुड़ा हुआ था और उससे पूछताछ के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा अवैध पटाखा फैक्ट्री और विस्फोटकों के भंडारण से जुड़े एक अन्य प्रकरण में संपत्ति मालिक कयूम खान (50) निवासी रहीम नगर, खोह नागोरियान को भी केंद्रीय कारागृह जयपुर से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी पुलिस पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में जांच जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पटाखे बनवाने से लेकर बारूद को शहर तक लाने की कड़ी में पूछताछ करेंगी। साथ ही अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी पुलिस आरोपियों से पूछताछ करेगी। खोह नागोरियान थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग, अवैध विस्फोटक भंडारण और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
