जयपुर में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट की सेंट्रल टीम ने जेप्टो और ब्लिंकिट के डार्क स्टोर पर छापेमारी की। इस दौरान दोनों जगहों पर बड़ी मात्रा में खराब और एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडक्ट मिले, जिसे टीम ने नष्ट करवाया। जेप्टो के जगतपुरा स्थित डार्क स्टोर में 1,550 पैकेट डेयरी प्रोडक्ट और 7 किलोग्राम एक्सपायरी फूड प्रोडक्ट मिले। इसके अलावा करीब 100 किलोग्राम क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री ‘नॉट फॉर सेल’ टैग की मिली, जिसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया। ब्लिंकिट के आदर्श नगर स्थित डार्क स्टोर पर करीब 800 पैकेट डेयरी प्रोडक्ट सहित बड़ी मात्रा में खराब और एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडक्ट मिले, जो टीम ने नष्ट करवाए। इसके अलावा टीम ने मिल्क, फूड घी और पेपर बोट कार्बोनेटेड वाटर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। देखिए कार्रवाई के PHOTOS… पीनट बटर और हनी के सैंपल जांच के लिए लैब भिजवाए फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट के कमिश्नर अविचल चतुर्वेदी ने बताया- रामनगरिया विस्तार, ए-ब्लॉक स्थित मैसर्स जे.डी.एस. मार्केटिंग के वेयरहाउस पर हमारी टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान कोल्ड रूम, डीप फ्रीजर में डेयरी प्रोडक्ट के सुरक्षित स्टोरेज के लिए निर्धारित तापमान मानकों के अनुरूप नहीं मिला। सामान्य तौर पर सुरक्षित स्टोरेज के लिए 5 से 0 या माइनस डिग्री में तापमान होना चाहिए। यहां रखे फ्रिज में तापमान 6 से 14 डिग्री तक मिला। इस पर सरस और अमूल के दूध, दही और छाछ के करीब 1550 पैकेट मौके पर ही नष्ट करवाए गए। 7 किलोग्राम एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडक्ट भी मिले, जिसमें मूसली, कैंडी और भुजिया शामिल थी। सभी को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। डार्क स्टोर और कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला, जर्दा थूकने के निशान भी मिले, जिसे तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। स्टोर मैनेजर की मौजूदगी में पिंटोला पीनट बटर और शहद के सैंपल लिए, जिसे जांच के लिए सेंट्रल लैब पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार इस डार्क स्टोर से रोजाना करीब 500 ऑर्डर की डिलीवरी की जाती है। 800 पैकेट डेयरी प्रोडक्ट और एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडक्ट नष्ट करवाए अविचल चतुर्वेदी ने बताया- आदर्श नगर स्थित ब्लिंकिट के डार्क स्टोर पर भी दोपहर करीब 1 बजे सेंट्रल टीम ने छापा मारा। यहां टीम ने करीब 800 पैकेट डेयरी प्रोडक्ट सहित बड़ी मात्रा में खराब और एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडक्ट नष्ट करवाए। कार्रवाई के दौरान डार्क स्टोर में बने कोल्ड स्टोर का टेम्प्रेचर भी 32 डिग्री था, जबकि नियमानुसार यहां 5 डिग्री या उससे कम तापमान रखने का प्रावधान है। टीम ने 24 पैकेट अमूल बटर, 60 बोतल बॉम्बे बंटा जूस, लो-फैट दूध के 11 पाउच, ट्रॉपिकाना जूस, काउ घी का पैकेट और करीब 1400 मिलीलीटर अमूल टोंड मिल्क के डैमेज पैकेट और एक्सपायरी डेट के मिलने पर नष्ट करवाए। इसके अलावा यहां से मिल्क, फूड घी और पेपर बोट कार्बोनेटेड वाटर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। — ये खबर भी पढ़ें… जयपुर में 12 मिठाई शॉप पर फूड डिपार्टमेंट का छापा:खराब तेल में पका रहे थे कचौरी; एक जगह मिला 150 किलो बदबूदार घेवर जयपुर में फूड सेफ्टी टीमों ने कान्हा स्वीट्स, रावत मिष्ठान भंडार, सोढाणी स्वीट्स, बीएमबी सहित 12 बड़ी मिठाई की दुकानों पर शुक्रवार को छापा मारा। टीमों ने इन दुकानों से घेवर, बर्फी, मावा, समोसा, मिल्क केक के सैंपल लिए। (पूरी खबर पढ़ें)