उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत स्टेक होल्डर्स के साथ मीटिंग की और स्कूल-कॉलेज के स्टूडेंट्स से ऑनलाइन संवाद किया। एसपी ने स्टूडेंट्स को कहा कि जागरूक समाज ही सुरक्षित समाज की पहचान है। उन्होंने छात्राओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। एसपी ने पॉक्सो एक्ट, गुड और बैड टच के बारे में जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को कार्यस्थल पर सुरक्षा देने वाले पोश एक्ट के बारे में भी बताया। एसपी ने कहा- स्टूडेंट्स को राजकॉप एप, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और साइबर हेल्पलाइन का नंबर पता होना चाहिए। ताकि वे अपने साथ होने वाले अपराध के बारे में तुरंत शिकायत कर सके। एसपी ने स्टूडेंट्स को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला बीट अधिकारी योजना, सेल्फ डिफेंस और छात्राओं के लिए महिला शक्ति आत्मरक्षा प्रशिक्षण योजना के बारे में भी जानकारी दी। महिला कल्याण की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई एसपी ने कलेक्ट्रेट में स्टेक होल्डर्स के साथ मीटिंग की। बैठक में अंतर विभागीय तालमेल बैठाकर महिला कल्याण की योजनाओं को जल्द आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई। एसपी ने कहा- महिला सुरक्षा हर विभागी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल से पीड़ित महिलाओं को तुरंत राहत पहुंचाने और सरकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। बैठक में एडीजे राहुल चौधरी, एएसपी लखमन राय, एएसपी अंजना सुखवाल, एएसपी चेतना भाटी और डीएसपी नीतू सिंह सहित 15 विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।