फलोदी जिले में बुधवार को मानसून ने दस्तक दे दी। दोपहर बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली। वहीं खेतों में नमी बढ़ने से किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए हुए थे और उमस बनी हुई थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। तेज बरसात के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया। अंबेडकर सर्कल पर राहगीरों को बारिश से बचने के लिए अंडरब्रिज के नीचे रुकना पड़ा। खरीफ फसलों को मिलेगा फायदा बारिश से जिले में बाजरा, मूंग और मोठ सहित खरीफ फसलों को राहत मिलने की उम्मीद है। बुआई के बाद पर्याप्त वर्षा नहीं होने से फसलों की बढ़वार प्रभावित हो रही थी। वहीं कई किसान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे, ताकि बुआई शुरू की जा सके। बुधवार की बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है। इससे खड़ी फसलों की बढ़वार में मदद मिलेगी और जिन किसानों ने अभी तक बुआई नहीं की है, वे भी अब खेतों में काम शुरू कर सकेंगे। शाम करीब 5 बजे एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले जिले में दो बार बारिश हो चुकी है, जिसमें एक बार 55.8 एमएम और उससे पहले 20.2 एमएम वर्षा दर्ज की गई थी।
