खैरथल जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और राजमार्गों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला सचिवालय में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने की। उन्होंने राज्य राजमार्गों पर अवैध अतिक्रमणों की पहचान और हटाने के लिए रोड सर्विलांस टीम गठित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आगामी सोमवार तक सड़क के राइट ऑफ वे (ROW) क्षेत्र में आने वाले सभी स्थायी और अस्थायी अवैध निर्माणों को चिन्हित कर हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिडकोर और आरएसआरडीसी को अनुबंध की शर्तों के अनुसार सड़क सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा। टोल प्लाजा पर सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश बैठक में कलेक्टर ने सभी टोल प्लाजा पर एम्बुलेंस, स्वच्छ शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सार्वजनिक निर्माण विभाग को टोल प्लाजा का नियमित निरीक्षण करने, राजमार्गों पर बने अवैध कट बंद कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी टोल प्लाजा पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। दुर्घटना संभावित स्थानों पर होंगे सुधार बैठक में पिछले माह हुई सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करते हुए ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थानों पर रोड इंजीनियरिंग सुधार, चेतावनी संकेतक (साइनेज) और अन्य सुरक्षा उपाय जल्द लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय से सड़क दुर्घटनाओं का विवरण समय पर ई-डीएआर (e-DAR) एप पर दर्ज करने के लिए कहा। 302 बाल वाहिनियों की होगी जांच कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले में पंजीकृत 302 बाल वाहिनियों की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही उनके चालकों का चिकित्सा विभाग के माध्यम से नेत्र परीक्षण (आई टेस्ट) कराने को कहा। उन्होंने चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटना में घायल होकर अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रावधानों के अनुसार निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाए। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, भिवाड़ी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमन, खैरथल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयासिंह, समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार मेघ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
