पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस ने देश में हिन्दू-मुस्लिम राजनीति की शुरुआत बहुत पहले कर दी थी। वहीं अब केरल में कांग्रेस ने उस मुस्लिम लीग से समझौता किया, जिसने भारत का विभाजन करवाया। यह समझौता बताता है कि कांग्रेस मुस्लिम परस्त पार्टी है और मुस्लिम लीग की भाषा बोलती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके नेताओं को इतिहास से सीख लेनी चाहिए। पंडित जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी ने दो बार प्रतिबंध लगाया, लेकिन दोनों बार मुंह की खानी पड़ी। 1948 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाया गया और 1975 में देश पर आपातकाल थोपा गया, लेकिन दोनों ही फैसले कांग्रेस पार्टी को झकमार कर वापस लेने पड़े। बता दें कि शनिवार को अशोक गहलोत ने जयपुर में मौलाना अबुल कलाम आजाद वेलफेयर सोसायटी राजस्थान के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा था कि बीजेपी राजनीतिक पार्टी होकर धर्म की राजनीति करती है, आज इंदिरा गांधी जैसी नेता होती तो बीजेपी पर बैन लगा देती। राहुल गांधी हार का शतक पूरा करें घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि अशोक गहलोत राहुल गांधी को अपना नेता मान रहे है, उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी 99 चुनाव हार चुकी है और हम चाहते हैं कि राहुल गांधी अपना शतक पूरा करें। देश को बांटने का काम करती है कांग्रेस पार्टी सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि कांग्रेस देश को बांटने का काम करती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी बिना किसी भेदभाव के राष्ट्र विकास और राष्ट्र प्रथम की नीति पर काम कर रही है। केन्द्र सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना 13.45 लाख, उज्ज्वला योजना 37 प्रतिशत, मुद्रा योजना 36 प्रतिशत, पीएम किसान सम्मान निधि 33 प्रतिशत, स्किल इंडिया 22 प्रतिशत लाभ मुस्लिम वर्ग के लोगों को दिया है। इतना ही नहीं, 3 करोड़ अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति योजनाओं में से 1.63 करोड़ इस वर्ग के छात्र है। भाजपा सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ कार्य किया है। नीट का पेपर लीक नहीं, कॉम्प्रोमाइज हुआ राहुल गांधी के कोटा में स्टूडेंट्स से संवाद कार्यक्रम को लेकर घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि जिस नीट के पेपर को राहुल गांधी लीक बताकर घूम रहे हैं। वो नीट का पेपर लीक नहीं, कॉम्प्रोमाइज हुआ हैं। उन्होने कहा कि लीक का मतलब होता है कि पूरा पेपर आउट हो गया हो। जबकि इस पेपर के कुछ सवाल रटकर कुछ अन्य लोगों को बताए गए थे। ऐसे में पेपर का एक भाग कॉम्प्रोमाइज हुआ था। ————— गहलोत के बयान से जुड़ी ये खबर पढ़िए… गहलोत बोले-इंदिरा गांधी होती तो बीजेपी पर बैन लगा देती:राजनीतिक पार्टी होकर धर्म की राजनीति करते हैं, राठौड़ ने कहा- गहलोत आकाओं को खुश करने के लिए बोलते जयपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी पर धर्म की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये लोग धार्मिक धुव्रीकरण कर रहे हैं। इनकी सोच है कि हिंदुओं को हिंदुत्व के नाम पर भड़काओ और राज करो। अगर आज इंदिरा गांधी जैसी नेता पीएम होती तो बीजेपी पर बैन लगा देती। (पूरी खबर पढ़ें…)