खैरथल-तिजारा जिले के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने ट्रेन संख्या 12249/12250 स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस का खैरथल रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव स्वीकृत कर दिया है। रेलवे बोर्ड से मिली मंजूरी के बाद अब इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव खैरथल स्टेशन पर भी होगा, जिससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। 16 जून से लागू होगा नया ठहराव रेलवे प्रशासन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ट्रेन संख्या 12249 (एसएसबी-जेएसएम) स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस 16 जून 2026 से खैरथल रेलवे स्टेशन पर शाम 7:48 बजे पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद 7:50 बजे अपने निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना होगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 12250 (जेएसएम-एसएसबी) स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस 17 जून 2026 से सुबह 5:50 बजे खैरथल स्टेशन पहुंचेगी और 5:52 बजे प्रस्थान करेगी। अगले आदेश तक जारी रहेगा ठहराव रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक आधार पर मंजूर किया गया है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। यात्रियों की संख्या और परिचालन व्यवस्था का आकलन करने के बाद रेलवे आगे इस संबंध में निर्णय लेगा। स्टेशन पर सूचना और घोषणाओं के निर्देश यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे अधिकारियों को स्टेशन परिसर में ठहराव संबंधी जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से नियमित घोषणाएं करने को भी कहा गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। खैरथल और आसपास के क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस के ठहराव से खैरथल, तिजारा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अब दूसरे स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। रेलवे के इस फैसले को क्षेत्र के लोगों और नियमित रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लंबे समय से इस ट्रेन के ठहराव की मांग की जा रही थी, जिसे अब स्वीकृति मिलने से यात्रियों में खुशी का माहौल है।
