उदयपुर में लगातार गर्मी बढ़ रही है। दिन के साथ-साथ अब रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। एक दिन पहले के मुकाबले आज भी दिन का अधिकतम तापतान बढ़ा है। आज सुबह 10 बजे से ही गर्म हवाओं के साथ गर्मी का असर था और इसके बाद गर्म लपटों ने झुलसाने वाली गर्मी का अहसास कराया है। दिन के समय गर्मी के बीच लोग ठंडा पानी और नींबू पानी से लेकर जूस की शॉप पर खासी भीड़ थी। बाजारों में रोजाना की तरह दिन में लोगों की संख्या कम थी और सड़कों पर भी भी लोगों की भीड़ कम ही थी। लगातार तापमान में यहां बढ़ोतरी हो रही है। लोगों ने यहां जल सेवा से लेकर गर्मी से बचने के लिए छाछ वितरण का भी काम शुरू किया। उदयपुर में आज बुधवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इधर, उदयपुर में उदयपुर जिला टेन्ट व्यवसायी समिति ने गर्मी को देखते हुए शहर में निःशुल्क छाछ वितरण के कार्य की शुरूआत की। अध्यक्ष सुधीर चावत ने बताया कि चार दिवसीय चलने वाले इस छाछ वितरण चेतक चौराहा से इसका आगाज किया गया। महासचिव सुनील हिंगड़ ने बताया कि शहर विधायक ताराचन्द जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, पूर्व उप महापौर पारस सिंघवी ने अपने हाथों से राहगीरों को छाछ वितरित कर इस छाछ वितरण कार्यक्रम को शुरू किया। इस दौरान भूपेन्द्र जैन, कमल शर्मा, अनिष चौधरी, कमल भावसार, महेन्द्र जैन, अनिल वैद, तरूण परतानी मौजूद रहे। महासचिव कमलेश पोखरना ने बताया कि 28 मई को देहलीगेट चौराहा, 29 मई को युनिवरसिटी रोड़ एवं 30 मई को फतहपुरा चौराहा पर भी यह छाछ वितरण प्रातः 9 से 12 बजे तक किया जाएगा। मेवाड़ मे मौसम 3 दिनों तक यथावत बना रहेगा गुरु नानक स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय उदयपुर के भूगोल के सहायक आचार्य डॉ.आर.एस. देवड़ा ने बताया कि उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत मे हिट वेव कि स्थित बनी हुई है जिसके तीन दिन तक जारी रहने की संभावना है। इसके बाद तापमान मे कमी के साथ तेज हवा और आंधी और वर्षा की संभावना है। उन्होंने बताया कि मेवाड़ मे मौसम 3 दिनों तक यथावत बना रहेगा, जिसमें तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। लू कि स्थिति जारी रहेगी और गर्म रातों की स्थित बनी रहेगी।