मुख्य अभियंता डी.आर. मीणा ने अकलेरा क्षेत्र स्थित छापी बांध पर चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने डीआरआईपी (DRIP) योजना के तहत संचालित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता ने बोरखेड़ी पुलिया के निर्माण, बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र और अन्य निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधीक्षण अभियंता महेंद्र सिंह, सहायक अभियंता प्रियंक सोनी और संवेदक को आवश्यक निर्देश दिए। मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आने वाली बारिश से पहले सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि बरसात के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सीमेंट, रेत व अन्य सामग्री की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य अभियंता ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन कराने और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संवेदक को चेतावनी देते हुए कहा कि गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा मौके पर मौजूद रहकर निर्माण कार्यों को गति देने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को मानसून अवधि के दौरान बांध क्षेत्र में संभावित जलभराव और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व तैयारी करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही कार्यस्थल की साफ-सफाई एवं रखरखाव पर भी ध्यान देने को कहा गया। निरीक्षण शाम 7 बजे तक जारी रहा।