जयपुर में महिला से छेड़छाड़ करने वाला मध्यप्रदेश का आदतन अपराधी राहुल घुरैया उर्फ राज जयपुर में फरारी के दौरान न सिर्फ छिपकर रह रहा था, बल्कि अपना आपराधिक नेटवर्क भी मजबूत कर रहा था। जयपुर पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी सांगानेर और प्रतापनगर इलाकों में सक्रिय बदमाशों के संपर्क में था और उन्हें अवैध हथियार उपलब्ध करवा रहा था। आरोपी करीब ढाई साल से जयपुर में किराए के मकान में रहकर स्पा सेंटर में काम कर रहा था। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय तक उसकी गतिविधियों की भनक तक पुलिस को नहीं लगी। उसके रहने और काम करने की व्यवस्था स्थानीय अपराधियों द्वारा कराई गई थी। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब मालवीय नगर सेक्टर-9 क्षेत्र में एक गर्भवती महिला से छेड़छाड़ की घटना सामने आई। पीड़िता ने जवाहर सर्कल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन शुरुआती स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की लापरवाही उजागर हुई और कार्रवाई तेज की गई। जांच के दौरान आरोपी की तलाश में दबिश दी गई, इसी बीच उसने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर जयपुर लेकर आई। डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हथियार हासिल करने की कोशिश में था और AK-47 लेने के लिए पाकिस्तान की एक वेबसाइट से संपर्क में था। वह सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो भी अपलोड करता था, जिसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस उसके पीछे लग गई और वह जयपुर आकर छिप गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कई जगह दबिश देकर अवैध पिस्टल बरामद की है। प्रतापनगर क्षेत्र में एक आरोपी और उसके साथी “छोटा राज” से भी देसी कट्टा बरामद किया गया। आरोपी को शरण देने के आरोप में निवाई (टोंक) निवासी शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ और पीपलू निवासी बाबूलाल बराला को गिरफ्तार किया गया है। दोनों जयपुर में स्पा सेंटर संचालित कर रहे थे और उनका भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। जांच में यह भी सामने आया है कि न तो आरोपियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया और न ही मकान मालिकों ने किरायेदार सत्यापन की प्रक्रिया अपनाई। आरोपी राहुल के खिलाफ 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने किन-किन लोगों को हथियार सप्लाई किए और इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।
