धौलपुर में चांसोरा की पुलिया के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई और उसके साथ बैठी एक महिला घायल हो गई। मृतक की पहचान शशिकांत पुत्र रामवीर कुशवाह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शशिकांत बुधवार शाम अपनी एक रिश्तेदार महिला के साथ किसी काम से धौलपुर आया था। काम पूरा कर वह अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान चंसोरा की पुलिया के पास पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में शशिकांत और उनके साथ बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शशिकांत को मृत घोषित कर दिया। उसके शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद उन्हें धौलपुर शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमॉर्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
