कोटपूतली-बहरोड़ के एडीएम ओमप्रकाश सहारण ने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने अफवाहों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि जिले में पूर्व की भांति नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराएं, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कालाबाजारी रोकने के लिए टीम का गठन किया अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी और जमाखोरी को रोकने के लिए टीमों का गठन किया जा रहा है। जिला रसद अधिकारी शशि शेखर शर्मा ने जानकारी दी कि गैस आपूर्ति संबंधी शिकायतों के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1445 और पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिला रसद अधिकारी ने यह भी बताया कि वर्तमान में जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इनकी आपूर्ति भी निरंतर सुचारू रूप से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग एक बार रिफिल के बाद 25 दिन बाद ही की जा सकती है। गैस कंपनियों और एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति हो रही है।
