सवाई माधोपुर के लालसोट-कोटा मेगा हाईवे पर भाड़ौती टोल प्लाजा के पास बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश के दौरान श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर एक पेड़ गिर गया, जिससे ट्रॉली पलट गई। हादसे में महिलाओं सहित 7-8 श्रद्धालु घायल हो गए। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे। सभी कांच की झोंपड़ी से काले खेजड़ा वाले स्थान पर गुरु पूर्णिमा की प्रसादी लेने जा रहे थे। रास्ते में अचानक मौसम खराब हो गया। प्रत्यक्षदर्शी बोले- पेड़ गिरने से ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया था, जिससे हादसा हुआ
भाड़ौती टोल प्लाजा स्थित विनायक होटल के पास तेज आंधी के चलते सड़क किनारे खड़ा एक पेड़ ट्रैक्टर-ट्रॉली पर आ गिरा। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने ट्रॉली में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शी राजकुमार प्रजापत और रोहित कुमार ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के बीच अचानक एक बड़ा पेड़ ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने गिर पड़ा। ड्राइवर गाड़ी को संभाल नहीं सका और ट्रॉली पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया। खिरनी पुलिस चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया जा चुका था। इस कारण मौके पर घायलों के नाम और पते दर्ज नहीं किए जा सके। पुलिस घटना की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
