राजस्थान के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। हनुमानगढ़ जिले के संगरिया क्षेत्र के गांव नगराना स्थित आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब कक्षा 11 में पढ़ाई के दौरान अचानक छत से घूमता हुआ पंखा नीचे आ गिरा। इस हादसे में कक्षा में पढ़ाई कर रही दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक छात्रा की आंख की पलक पर गहरा घाव लगने के बाद टांके लगाने पड़े हैं। सुबह करीब 11.15 बजे हुई इस घटना के समय कमरे में करीब 25 विद्यार्थी मौजूद थे, जिससे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
