अबोहर में मलोट रेलवे पलेठी के पास एक युवक के शव मिलने के मामले में जीआरपी अबोहर ने आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और पड़ोसन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी जीजा अभी फरार है। गिरफ्तार की गई दोनों महिलाओं को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जीआरपी प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि 2 मई को मलोट पक्की के पास एक व्यक्ति के बेसुध पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को मृत पाया। उसकी पहचान मलोट के बाबा श्रीचंद नगर निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि उसने किसी विषैले पदार्थ का सेवन किया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया था। मृतक के भाई ने पत्नी और पड़ोसन पर लगाया आरोप मृतक के भाई दर्शन राम ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि अशोक कुमार की पत्नी बब्बी देवी के अपने जीजा रवि कुमार, जो सिरसा के गांव बड्डा गूड़ा का निवासी है, के साथ अवैध संबंध थे। पड़ोसन कृष्णा उर्फ गग्गू इन संबंधों में बब्बी देवी की मदद करती थी। दर्शन राम के अनुसार, इन्हीं अवैध संबंधों से परेशान होकर अशोक कुमार ने आत्महत्या की। पुलिस ने दर्शन राम के बयान के आधार पर पत्नी बब्बी देवी, पड़ोसन कृष्णा रानी और जीजा रवि कुमार के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। बुधवार को पुलिस ने पत्नी और पड़ोसन को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। तीसरे आरोपी रवि कुमार की तलाश जारी है।
