जलालाबाद में स्थित शाह जी लॉटरी एजेंसी से खरीदे गए महज 7 रुपए के टिकट पर एक करोड़ रुपए का पहला इनाम निकलने से इलाके में उत्साह का माहौल है। जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने इस एजेंसी से सिक्किम स्टेट लॉटरी का टिकट खरीदा था। जब परिणाम घोषित हुआ, तो पता चला कि टिकट नंबर 80B 10379 पर एक करोड़ रुपए का इनाम लगा है। लॉटरी एजेंसी के संचालक मुकेश बजाज और रवि बजाज ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस बड़ी जीत की जानकारी मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने अपनी दुकान पर केक काटकर और ढोल बजाकर जश्न मनाया। आसपास के लोग भी इस खुशी में शामिल हुए और मौके पर उत्सव जैसा माहौल बन गया। अभी तक सामने नहीं आया विजेता हालांकि, इस खुशी के बीच एक बड़ी चिंता भी सामने आई है। अब तक इस टिकट का असली विजेता सामने नहीं आया है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि उन्हें नहीं पता कि टिकट किस व्यक्ति ने खरीदा था, क्योंकि यह सामान्य बिक्री के दौरान बेचा गया था। विजेता की तलाश के लिए लॉटरी एजेंसी द्वारा अनोखा तरीका अपनाया जा रहा है। दुकान के बाहर ढोल बजाकर लोगों को जानकारी दी जा रही है और अपील की जा रही है कि जिसके पास भी यह विजेता टिकट है, वह तुरंत संपर्क करे। संचालकों ने कहा कि संबंधित व्यक्ति अपनी लॉटरी टिकट लेकर आए और नियमानुसार अपनी इनामी राशि प्राप्त करे। फिलहाल, पूरे इलाके में इस खबर की चर्चा है और लोग उस भाग्यशाली विजेता के सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।
