मोगा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से नशा सेवन करने वाले पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। थाना मेहना के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान सुखप्रीत सिंह और वकील सिंह को नशे की हालत में पकड़ा गया। इसी क्रम में थाना अजीतवाल पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए सुखचैन सिंह को नशे की हालत में काबू किया। इसके अतिरिक्त, थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने सुखप्रीत सिंह उर्फ सुख्खा और मनप्रीत सिंह मनी को नशीले पदार्थों का सेवन करने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी गिरफ्तार व्यक्तियों की मेडिकल जांच के बाद उन्हें नशा छुड़ाओ केंद्र में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि कोई व्यक्ति नशा छोड़ना चाहता है, तो वह बिना किसी डर के पुलिस से संपर्क कर सकता है। ऐसे व्यक्तियों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
