जैसलमेर. शिव विधायक रविंद्रसिंह भाटी गुरुवार को जैसलमेर की तोताराम की ढाणी और बबर मगरा के आसपास क्षेत्र में पहुंचे। यहां उन्होंने गत दिनों नगरपरिषद की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत की गई कार्रवाई का जायजा लिया और बेघर हुए लोगों से मुलाकात की। मौके पर पहुंचने पर शिव विधायक से लोगों ने मिल कर उनके सामने अपनी पीड़ाएं रखी। अनेक लोगों ने अपनी फाइलें पेश करते हुए विधायक को बताया कि वे विगत लम्बे अर्से से यहां आशियानें बना कर जीवन यापन कर रहे थे, लेकिन पिछले दिनों प्रस्तावित बृजराजसिंह आवासीय योजना का हवाला देते हुए नगरपरिषद के बुलडोजर दस्ते ने उनके घर तोड़ दिए और अब वे खुले आसमान तले रहने के लिए विवश हैं। कई महिलाओं व बालिकाओं ने भी निर्दलीय विधायक के सामने पीड़ा का इजहार किया। रविंद्रसिंह ने उनकी बातों को ध्यान से सुना और पूरी मदद करने का भरोसा दिलाया।
