श्रीगंगानगर में कोतवाली थाने के ASI ने क्रेटा कार से 3 महिला पटवारियों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि 2 पटवारी उछलकर 10 मीटर दूर गिर गईं। जबकि एक पटवारी को 20 मीटर दूर जा गिरी। घटना एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। हादसा गजसिंहपुर-पदमपुर हाईवे पर गोल्डन पब्लिक स्कूल के पास मंगलवार दोपहर 3 बजे का है। हादसे में घायल संगीता, पूजा और गरिमा को तुरंत गजसिंहपुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। संगीता और पूजा को गंभीर हालात में श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं गरिमा को हल्की चोट आई है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। SP हरीशंकर ने बताया- ASI सुभाष अपनी निजी गाड़ी से किसी काम के लिए गजसिंहपुर गया हुआ था। इस दौरान यह हादसा हो गया। अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों को धमकियां देने लगा स्थानीय लोगों ने बताया- 3 महिला पटवारी संगीता, पूजा और गरिमा पटवार मंडल से ट्रेनिंग करके पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान कोतवाली थाने का ASI सुभाष क्रेटा कार से आया। तीनों महिला पटवारियों को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों पटवारी दूर जा गिरीं। घटना के बाद ASI कार लेकर भागने लगा। महिलाओं की चीख-पुकार सुन आसपास के लोग पहुंचे और कार का पीछा कर ASI को पकड़ लिया। लोगों ने कार के शीशे तोड़कर ASI को बाहर निकाला। बाहर आते ही ASI आम लोगों पर भड़क गया और पुलिस का रौब दिखाने लगा। लोगों से उसकी बहस का वीडियो भी सामने आया है। तीन महिला पटवारी हॉस्पिटल में भर्ती हादसे में घायल संगीता (26), पूजा (27) और गरिमा (26) को तुरंत गजसिंहपुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। संगीता और पूजा को गंभीर हालात में उन्हें श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया। जहां उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। वहीं गरिमा को हल्की चोट आई है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ। पूजा बीकानेर जिले की रहने वाली हैं, जबकि संगीता और गरिमा श्रीगंगानगर जिले की रहने वाली हैं। लोग आरोपी ASI पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं गजसिंहपुर थाने का स्टाफ आरोपी को बचाने में लगा बताया जा रहा है। जब गजसिंहपुर एसएचओ शालू बिश्नोई से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन भी रिसीव नहीं किया।

You missed