पुष्कर से रणथंभौर जाते समय बाइक पर सवार इजरायली युवती का पासपोर्ट, नकदी और अन्य जरूरी सामान रास्ते में गिर गया। युवती ने काफी तलाश की, लेकिन सामान नहीं मिला। इसके बाद उसने मालपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी मदद, CCTV फुटेज और मुखबिरों के जरिए तीन दिन की मशक्कत के बाद सामान खोज लिया। यह सामान रास्ते में एक राहगीर को मिला था। पुलिस ने इजरायली युवती को बुलाकर उसका पूरा सामान लौटा दिया। पुष्कर से रणथंभौर जाते समय रास्ते में गिरा पर्स मालपुरा डीएसपी आशीष प्रजापत ने बताया – इजरायली युवती मोशाइफ नोइम (MOSHAIOF NOAM) ने 19 अक्टूबर को मालपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवती अपने दोस्त के साथ इजरायल से भारत घूमने आई थी। 19 अक्टूबर को वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर पुष्कर से रणथंभौर सफारी के लिए मालपुरा होते हुए जा रही थी। युवती की कमर पर एक पर्स बंधा हुआ था। इसमें उसका पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, 4 क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और 20 हजार रुपए की भारतीय मुद्रा सहित अन्य सामान था। रास्ते में उनियारा के पास पहुंचने पर उसने पर्स चेक किया तो वह कमर पर नहीं था। इसके बाद युवती और उसके दोस्त ने रास्ते में काफी तलाश की, लेकिन पर्स, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद वे सामान की तलाश में मालपुरा थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई। डीएसपी आशीष प्रजापत ने बताया कि जरूरी दस्तावेज गुम होने की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी रोशन मीणा के निर्देश पर मालपुरा थाना प्रभारी चैनाराम बेड़ा के नेतृत्व में DST मालपुरा की विशेष टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी और अन्य स्रोतों से जानकारी जुटाई। युवती के बताए रास्ते पर अलग-अलग जगहों के CCTV कैमरों के फुटेज चेक किए गए और मुखबिरों की मदद ली गई। मुमाणा में सामान मिलने की सूचना मिली तलाश के दौरान विशेष टीम को सामान पीपलू थाना क्षेत्र के मुमाणा गांव में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने घटना वाले दिन उस रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों की जानकारी जुटाई और उनसे संपर्क किया। जांच में सामने आया कि मालपुरा से मुमाणा जाने वाले सात लोग उस रास्ते से गुजरे थे। उनसे पूछताछ की गई तो एक राहगीर के पास इजरायली युवती का पूरा सामान मिल गया। युवती को बुलाकर लौटाया सामान पुलिस ने तीसरे दिन इजरायली युवती को बुलाकर उसका पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, चार क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, 20 हजार रुपए और अन्य सामान लौटा दिया। पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी जानकारी, CCTV फुटेज और राहगीरों से पूछताछ के आधार पर सामान खोजने में सफलता हासिल की।