अजमेर। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भांजे सचिन उर्फ संदीप को गुरुवार दोपहर जवाहरलाल नेहरू (JLN) अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वापस अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल पहुंचा दिया गया। अस्पताल में चिकित्सकों के सामने जेल में खाना खाने की सहमति देने वाला सचिन जेल पहुंचते ही अपनी पुरानी मांग पर अड़ गया। देर शाम जेल प्रशासन ने उसे भोजन दिया, लेकिन उसने खाने से इनकार कर दिया। वह लॉरेंस गैंग से जुड़े अपने साथियों के साथ एक ही बैरक में रखने की मांग कर रहा है। जेल प्रशासन ने उसकी मांग मानने से इनकार कर दिया है और पूरे मामले से जेल मुख्यालय को अवगत कराया है।