जालंधर-मोगा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को अड्डा लद्धड़ां के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी (PB-08-DA-0549) ने स्कूटी (PB-08-CA-6886) सवार 18-19 वर्षीय युवक हरमनजोत सिंह (निवासी गांव गांधरा) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक हवा में उछलकर सड़क के दूसरी तरफ जा गिरा और सामने से आ रही एक अन्य कार (PB-08-ES-3939) के विंडस्क्रीन (शीशे) से जा टकराया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक के पिता नाहर सिंह ने बताया कि हरमनजोत अपनी स्कूटी ठीक करवाने के लिए जा रहा था। उसके पीछे उसका साथी रणजीत सिंह अपनी मोटरसाइकिल (PB-08-BH-7753) पर आ रहा था। हरमनजोत हाईवे पर रास्ता साफ होने का इंतजार कर रहा था, तभी पीछे से आई अनियंत्रित बोलेरो ने उसे चपेट में ले लिया। कार सवार शाहकोट निवासी परिवार के 4 लोग घायल हवा में उछलकर कार के शीशे से टकराने के कारण कार सवार शाहकोट (गांव बिल्ली चोहारमी) निवासी रवि कोल, उनकी पत्नी गीता रानी, बेटा विराज और बेटी वाणी घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नकोदर के कमल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। बोलेरो चालक मौके से फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला हादसे के बाद बोलेरो चालक अपनी गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई जीवन सिंह ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान हरनूरदीप सिंह (निवासी गांव तलवंडी भरो) के रूप में हुई है। नकोदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा नंबर 303 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 106(1), 281, 125(A), 125(B) और 324(4) के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
