जालंधर में नकोदर-मोगा नेशनल हाईवे से सटे गांव नूरपुर चट्टा के पास मंगलवार (दशहरे के दिन) बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने रिवॉल्वर की नोक पर एक महिला बाउंसर को घेर लिया और जान से मारने की धमकी देकर उनसे नकदी, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज छीनकर फरार हो गए। पीड़िता गांव नूरपुर चट्ठा निवासी सिमरनबाउंसर के रूप में काम करती हैं। सिमरन मंगलवार को अपनी एक्टिवा (स्कूटी) पर सवार होकर गांव से नकोदर की तरफ जा रही थीं। जैसे ही वह गांव के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे के समीप पहुंचीं, तभी पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। लुटेरों ने तुरंत रिवॉल्वर तान दी और सिमरन से 10 से 12 हजार रुपये की नकदी, उनका मोबाइल फोन तथा पर्स में रखे जरूरी कागजात जबरन छीन लिए। शोर मचाने पर इकट्ठा हुए लोग, लेकिन भाग निकले लुटेरे लूट की वारदात के तुरंत बाद जब सिमरन ने शोर मचाया, तो आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। हालांकि, लोगों के एकत्र होने से पहले ही सशस्त्र लुटेरे तेजी से बाइक पर सवार होकर मौके से रफूचक्कर हो चुके थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस आपातकालीन सेवा हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी गई। पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़िता सिमरन के बयान दर्ज किए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
