तरनतारन सिटी पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली मां-बेटी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के गंभीर आरोप में एक भाई-बहन के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की हत्या के प्रयास की धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। छत पर भागकर मां-बेटी ने बचाई जान
थाना तरनतारन सिटी में दी शिकायत में दबुर्जी निवासी सोनिया पत्नी विजय कुमार ने बताया कि शाम के समय वह और उनकी मां कर्मजीत कौर अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान उनका पड़ोसी राजदीप सिंह उर्फ राजू अपनी बहन कंवल के साथ वहां पहुंचा। राजदीप ने जान से मारने की नीयत से सीधे उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुए इस हमले से घबराकर मां-बेटी तुरंत भागकर घर की छत पर चली गईं और किसी तरह अपनी जान बचाई। पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह पीड़िता सोनिया ने पुलिस को दिए बयानों में खुलासा किया कि आरोपी राजदीप सिंह ने पहले भी उनके पति के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज करवाए थे। उसी पुरानी रंजिश और रंजिश के चलते राजदीप सिंह और उसके परिवार ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर यह जानलेवा हमला किया है। पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी जारी मामले की जानकारी देते हुए सिटी थाने के एएसआई सतनाम सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों और शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी भाई-बहन (राजदीप सिंह और कंवल) के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
