डेराबस्सी स्थित कोर्ट एवं तहसील परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर उस समय गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब शनिवार को सरकारी छुट्टी होने के बावजूद परिसर का मुख्य गेट रात करीब 8 बजे तक खुला पाया गया। न्यायिक और राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण कार्यालयों वाले इस संवेदनशील परिसर में रात के समय गेट खुला रहना सुरक्षा में बड़ी चूक की ओर इशारा करता है। उल्लेखनीय है कि इस परिसर में अदालतों के अलावा तहसील और राजस्व विभाग के कई महत्वपूर्ण कार्यालय स्थित हैं। यहां जमीनों की रजिस्ट्रियां, बहुमूल्य राजस्व रिकॉर्ड, सरकारी बही-खाते और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे जाते हैं। इसके अलावा पेंशन और सरकारी खजाने से जुड़े कार्य भी इसी परिसर से संचालित होते हैं। ऐसे में छुट्टी वाले दिन देर रात तक मुख्य द्वार खुला रहने से रिकॉर्ड की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल इस लापरवाही के सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर छुट्टी वाले दिन देर रात तक मुख्य गेट खुला रखने की अनुमति किसने दी? क्या उस दौरान परिसर में कोई सुरक्षा कर्मचारी तैनात था और वहां आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों की निगरानी की जा रही थी या नहीं? एसडीएम ने दिए जांच के आदेश इस पूरे मामले पर जब डेराबस्सी के एसडीएम अमित गुप्ता से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस गंभीर लापरवाही की तुरंत जांच करवाई जाएगी और स्थिति स्पष्ट की जाएगी।