सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के सीनियर प्रोफेसर डॉ. धनंजय अग्रवाल ने हैदराबाद में आयोजित ‘’इंडियन सोसाइटी ऑफ ऑर्गन ट्रांसप्लांटेशन” (ISOT) के राष्ट्रीय सम्मेलन में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाला है। यह उपलब्धि राजस्थान के चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। डॉ. अग्रवाल एसएमएस मेडिकल कॉलेज में नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष भी रह चुके हैं।उनके पास किडनी रोगों के उपचार, शिक्षण एवं अनुसंधान का चार दशकों से अधिक का अनुभव है। वे एसएमएस अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण कार्यक्रम की शुरुआत से जुड़े रहे हैं और अंग प्रत्यारोपण से संबंधित अनेक राष्ट्रीय दिशानिर्देशों एवं शोध कार्यों में योगदान दे चुके हैं। डॉ. अग्रवाल की राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारी से अंग प्रत्यारोपण की सुविधाओं के विस्तार, जनजागरूकता, चिकित्सकीय प्रशिक्षण तथा किडनी रोगों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों को और गति मिलने की उम्मीद है।
