उदयपुर में क्रेन की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। क्रेन ने पैदल चलते बुजुर्ग को पीछे से टक्कर मारी और टायरों के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। क्रेन ड्राइवर क्रेन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। बड़गांव थाना क्षेत्र के बड़ी गांव स्थित मोया चौराहे पर घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में क्रेन ड्राइवर बुजुर्ग को पीछे से टक्कर मारते दिख रहा है। पता लगने पर ड्राइवर क्रेन से उतरा और करीब 30 सेकंड तक टायर के नीचे दम तोड़ते हुए बुजुर्ग को देखता रहा। फिर तुरंत वहां से दौड़ते हुए फरार हो गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना के खिलाफ आक्रोश जताते हुए ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई। साथ ही ड्राइवर द्वारा लापरवाह तरीके से घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग घर से बाहर किसी काम से गए थे। क्रेन जब्त, फरार ड्राइवर की तलाश जारी बड़गांव थानाधिकारी हितेश यादव ने बताया कि सूचना पर बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। मृतक की पहचान अंबालाल माली के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को एमबी हॉस्पिटल मोर्चरी में रखवाया। जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। क्रेन को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है। परिजनों से रिपोर्ट लेने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।