हनुमानगढ़ में ट्यूबवैल की केबल चोरी की वारदातों से परेशान चक 2 एसटीजी और एक एमओडी के किसानों ने मंगलवार को जंक्शन थाने में ज्ञापन सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से चोरियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसानों ने जल्द अज्ञात चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की है। केबल काटकर ले जा रहे चोर, दोहरा नुकसान किसानों ने बताया कि चोर खेतों में लगे ट्यूबवैल की केबल काटकर ले जाते हैं। इससे किसानों को दोहरा नुकसान उठाना पड़ रहा है। केबल चोरी होने से ट्यूबवैल बंद हो जाता है और फसल को समय पर सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पाता। वहीं, ट्यूबवैल दोबारा चालू करने के लिए नई केबल खरीदने पर किसानों को अतिरिक्त आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। शिकायत के बाद भी नहीं रुकी चोरियां किसान जीत सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब तीन दिन पहले केबल चोरी की शिकायत पुलिस को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद भी कई खेतों में केबल चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। अखिल भारतीय किसान सभा के ओम स्वामी ने आरोप लगाया कि खेतों में पुलिस गश्त नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। कार्रवाई नहीं हुई तो थाने का घेराव किसानों ने चेतावनी दी कि यदि अज्ञात चोरों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अन्य संगठनों को साथ लेकर जंक्शन थाने का घेराव करेंगे। उन्होंने खेतों में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग भी की। ये किसान रहे मौजूद ज्ञापन देने के दौरान बलदेव सिंह, महेन्द्र गोदारा, जीत सिंह, इन्द्र सिंह, जनक सिंह, मक्खन सिंह, हर्ष गोदारा, धर्मेंद्र, शंकरदास, सुखविन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह और सुनील सहित कई किसान मौजूद रहे।
