बारां में मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अधिकार मित्र का चार दिवसीय बेसिक प्रशिक्षण शुरू किया। इसका उद्घाटन जिला एवं सेशन न्यायाधीश सत्यनारायण टेलर ने दीप जलाकर किया। न्यायाधीश टेलर ने बताया कि प्राधिकरण पीड़ित, गरीब और वंचित लोगों के लिए कई योजनाएं चला रहा है, जैसे पीड़ित प्रतिकर स्कीम, मुफ्त कानूनी सहायता और लोक अदालतें। अधिकार मित्रों का काम इन योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाना और उन्हें कानूनी सहायता प्राधिकरण तक लाना है। कार्यवाहक सचिव अमरजीत सिंह ने बताया कि इस प्रशिक्षण में न्यायिक, प्रशासनिक अधिकारी और वकील ट्रेनिंग देंगे। इस मौके पर पारिवारिक न्यायालय के न्यायाधीश शिवचरण मीणा, पॉक्सो कोर्ट के रमेश कुमार अटल, एसीबी कोर्ट की डॉ. रूबीना परवीन अंसारी, एडीजे प्रमोद कुमार शर्मा, गौरव शर्मा और न्यायिक मजिस्ट्रेट अभय बंसल, प्रियंका वाजपेयी समेत कई न्यायिक अधिकारी मौजूद थे।
