रणथंभौर बाघ परियोजना की ओर से वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मंगलवार को ब्लू स्टार सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए वन्यजीव आधारित फिल्म स्क्रीनिंग और परिचर्चा का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को रणथंभौर नेशनल पार्क का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। कार्यक्रम सीसीएफ रणथंभौर बाघ परियोजना शारदा प्रताप सिंह (IFS) और डीएफओ मानस सिंह (IFS) के निर्देशन में हुआ। सोशियोलॉजिस्ट ममता साहू के कॉर्डिनेशन में आयोजित गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों को फिल्म के माध्यम से रणथंभौर की समृद्ध जैव विविधता, जंगलों की महत्ता और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास की जानकारी दी गई। सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने का संदेश फील्ड बायोलॉजिस्ट मोहम्मद मेराज ने स्टूडेंट्स के साथ वन्यजीव संरक्षण, पारिस्थितिकी तंत्र के संतुलन और वन्यजीवों के व्यवहार को लेकर संवाद किया। डिस्कशन में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए वन्यजीवों से जुड़े सवाल पूछे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने का संदेश दिया गया। उन्हें ईको फ्रेंडली जूट बैग, ज्ञानवर्धक बुकलेट, स्टिकर्स और रणथंभौर बाघ परियोजना के ब्रोशर वितरित किए गए। रणथंभौर टाइगर रिजर्व की सफारी कराई इसके बाद स्टूडेंट्स को रणथंभौर नेशनल पार्क का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने जंगल के प्राकृतिक वातावरण, पेड़-पौधों, ग्रासलैंड और वन्यजीवों को करीब से देखा और उनके बारे में जानकारी हासिल की। वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनने और दैनिक जीवन में प्रकृति संरक्षण को अपनाने का आह्वान किया। रणथंभौर बाघ परियोजना की ओर से वन्यजीव सप्ताह के तहत 8 अक्टूबर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
