अमृतसर में GRP में तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) को गोली मार दी गई। 3 अज्ञात हमलावरों ने उन पर जगदेव कलां गांव के पास फायरिंग की। घटना उस समय हुई, जब वह अपने घर जा रहे थे। गोली उनकी बांह को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। हमले के बाद पुलिसकर्मी किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकले और सुरक्षित घर पहुंचे। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उनकी हालत स्थित बताई जा रही है। डॉक्टर का कहना है कि गोली बांह को छूकर निकल गई, इसलिए जान को कोई खतरा नहीं है। 3 युवकों ने किया हमला पीड़ित पुलिसकर्मी के मुताबिक, वह अपनी मोटरसाइकिल पर सिविल ड्रेस में घर लौट रहे थे। जब वह जगदेव कलां गांव में दाखिल होने लगे और नहर वाले पुल के पास पहुंचे तो एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 अज्ञात युवकों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले के कारण उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस दौरान एक गोली उनकी बांह को छूकर निकल गई। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए अपनी मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाई और किसी तरह हमलावरों से बचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई निजी रंजिश नहीं है। हालांकि, उन्हें आशंका है कि इस हमले के पीछे उनके भाई की हत्या का पुराना मामला हो सकता है। फायरिंग का कारण नहीं पता चला फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ASI सुखचैन सिंह को किस वजह से निशाना बनाया गया। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हमले की वजह और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आएगी।