Gold Hallmark New Rules: त्योहारों और शादियों के सीजन से ठीक पहले सोने की ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए एक अहम बदलाव हुआ है। सोने के गहनों की हॉलमार्किंग फीस अब बढ़ा दी गई है। नई व्यवस्था में ज्वेलर्स को हर सोने के आर्टिकल की हॉलमार्किंग के लिए 75 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह फीस 45 रुपये थी। यानी प्रति आर्टिकल फीस में 30 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, इसका यह मतलब कतई नहीं है कि अब ग्राहक जो भी सोने का गहना खरीदेगा, उसकी कीमत अपने आप 30 रुपये बढ़ जाएगी। हॉलमार्किंग फीस ज्वेलर की ओर से मान्यता प्राप्त Assaying and Hallmarking Centre यानी AHC को दी जाती है। ग्राहक से 30 रुपये अलग से लेने का कोई तय नियम नहीं है।
