बाड़मेर में एक युवक के रोहिड़े के पेड़ से लटकर सुसाइड करने का मामला सामने आया है। युवक अपनी पत्नी के साथ साली के घर पर गया था। वहां पर बाथरूम जाने का बोलकर खेत में जाकर पेड़ से लटक गया।घटना बाड़मेर जिले के सदर थाना इलाके बाड़मेर गादान गांव में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। फिलहाल परिजन मॉर्च्युरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। पेड़ से लटका मिला शव सदर थाना एएसआई दादूराम ने बताया कि देवीसिंह (44) पुत्र कबीराराम निवासी गंगासरा हाल बाड़मेर गादान सोमवार को पत्नी के साथ साली से मिलने के लिए उनके घर पर गया था। कुछ देर बाद देवीसिंह बाथरूम का बोलकर बाहर गए, लेकिन वापस नहीं लौटे। जिसके बाद पत्नी ने इधर-उधर देखा और ढूंढते हुए खेत में गईं। वहां पर देवीसिंह का शव रोहिड़ के पेड़ से लटका हुआ मिला। पत्नी की चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में हॉस्पिटल लेकर आए। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। धरना प्रदर्शन जारी शव को जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। जहां पर परिजनों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। परिजनों की मांग है कि जल्द से जल्द इस मामले में कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस परिजनों से समझाइश करने का प्रयास कर रही है। जमीन का बताया जा रहा मामला इस मामले में मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन को लेकर देवीसिंह को प्रताड़ित किया जा रहा था। इसके बाद अब परिजन उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जमीन को लेकर देवाराम, हिंदूसिंह, गजेसिंह समेत अन्य लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
