कपूरथला के गुरु नानक स्टेडियम की सूरत बदलने वाली है। जिला प्रशासन ने खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने और खिलाड़ियों को अच्छी सुविधाएं देने के लिए 35 लाख रुपए के विकास और मरम्मत कार्य शुरू किए हैं। डीसी आकाश बांसल ने बताया कि स्टेडियम में अलग-अलग विकास कार्यों के लिए 35 लाख रुपए की अनुमानित लागत के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इन कामों में स्टेडियम के अंदरूनी हिस्से की मरम्मत, मुख्य मार्ग और खिलाड़ियों के लिए नए शौचालय ब्लॉक बनाना शामिल है। इसके अलावा, एथलेटिक्स ट्रैक और सीढ़ियों की मरम्मत व सुधार, रंग-रोगन और अन्य जरूरी सिविल व बुनियादी ढांचे से जुड़े काम भी होंगे। खिलाड़ियों को मिलेगा ट्रेनिंग के लिए बेहतर माहौल : नगर निगम कमिश्नर नगर निगम कमिश्नर अनुपम क्लेर ने कहा कि स्टेडियम में अपग्रेड की गई सुविधाओं से खिलाड़ियों को ट्रेनिंग के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। इससे युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए मौजूदा खेल सुविधाओं को मजबूत करना एक अहम कदम है। उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए बेहतर मौके देने के लिए मौजूदा खेल सुविधाओं को अपग्रेड किया जा रहा है। ये सभी काम चार महीने के भीतर पूरे कर लिए जाएंगे। तय सीमा पर पूरे होंगे सभी काम क्लेर ने यह भी बताया कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी काम तय नियमों और समय सीमा के भीतर ही पूरे करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्टों की गुणवत्ता और समय पर पूरा होने की जांच के लिए लगातार निगरानी भी की जाएगी।